अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। बाल विकास परियोजना के भटोली वृत्त के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र ग्वालमुठाणी-2 में एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया। पोषण अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में काफी संख्या में गर्भवती व धात्री महिलाओं तथा किशोरियों ने भाग लिया। हीमोग्लोबिन के साथ ही उनके ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच भी की गई।
करतार पटियाल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग से विद्या व कमल किशोर ने महिलाओं व किशोरियों का मार्गदर्शन किया। भागदौड़ भरी इस जिंदगी में महिलाएं अकसर अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह हो जाती हैं। खानपान का सही ध्यान रखने के कारण उनमें खून की कमी हो जाती है। इससे उन्हें और भी कई बीमारियां घेर लेती हैं। वहीं, वृत्त पर्यवेक्षिका निधि शर्मा ने कहा कि महिलाएं अपने परिवार का सही ढंग से ध्यान तभी रख पाएंगी जब वे खुद स्वस्थ हों।
उन्होंने महिलाओं को सलाह दी कि वे पौष्टिक आहार का सेवन करें। एनीमिया का शिकार होने से बचने के लिए उन्हें अपने भोजन में हरी व पत्तेदार सब्जियों और मौसमी फलों को भी शामिल करना चाहिए।