अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला में शुक्रवार को डेंगू के एक साथ 41 नए मामले आने से एक बार फिर से लोगों में हड़कंप मचा गया है। शुक्रवार को जिला के मारकंडेय से 20 और बिलासपुर शहर के नौ डेंगू के मामले सामने आए हैं। इसके अलावा विभाग ने 151 लोगों के घरों का भी निरीक्षण किया है लेकिन एक साथ शुक्रवार को डेंगू के 41 नए मामले सामने आने से सरकारी जागरूकता अभियान पर सवाल खड़े हो गए हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. परविंद्र शर्मा ने जिला में फैले डेंगू रोग के बारे में बताया कि वीरवार को डेंगू के 41 नए मामले दर्ज किए गए। इसमें से 9 मामले बिलासपुर शहर से, 20 मामले मारकंडेय से, 2 मामले घुमारवीं से, 6 मामले झंडूता और 3 मामले जिला मंडी से तथा 1 मामला जिला चंबा से दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि डेंगू से पीड़ित 153 रोगियों का इलाज चल रहा है। उनमें से डेंगू से पीड़ित 7 रोगियों को अस्पताल में दाखिल हैं।
उन्होंने बताया कि डेंगू रोग की रोकथाम के लिए कुल 28 घरों में कीटनाशक स्प्रे की गई जिसमें वार्ड नंबर 2 में 8 घरों, 7 में 10, 8 में 5 घरों और 9 में पांच घरों में कीटनाशक स्प्रे किया गया। बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वार्ड नंबर 1, 2, 4, 5, 6, 7, 8, 9 और 10 में जाकर 151 लोगों के घरों का निरीक्षण किया गया। इनमें 124 घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने को कहा गया है।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकलें तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें तथा घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाएं ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।