अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिले में पहली सितंबर को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का शुभारंभ हो गया। इस सुविधा का लाभ प्रथम चरण में जिले के मुख्य डाकघर बिलासपुर सहित कुल 4 डाकघर शाखाओं जिसमें उपडाकघर घुमारवीं, शाखा डाकघर तकरेड़ा, कोठी और दाबला के लोगों को मिलेगा। इस सेवा का शुभारंभ सदर के विधायक सुभाष ठाकुर ने किया।
उन्होंने बताया कि पूरे देश भर में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक सुविधा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से किया। उन्होंने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स के माध्यम से अब एक फोन कॉल पर डाकिया आपके घर आकर पैसे पहुंचाएगा तथा अब पैसे निकालने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाता धारकों को बैंक नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि लोगों को घर बैठे नकद जमा करने की सुविधा भी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से जीरो बैलेंस खाता खुलवाने की सुविधा प्राप्त होगी। खाता खुलवाने के लिए कोई भी व्यक्ति अपना आधार कार्ड तथा मोबाइल नंबर बताकर इसे खोल सकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस सुविधा का और अधिक विस्तारीकरण जिला के अन्य डाकघर शाखाओं में भी किया जाएगा ताकि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक सुविधा का लाभ पूरे जिला के निवासी उठा सकें।
उन्होंने बताया कि डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में खाता खुलवाने पर विभिन्न प्रकार की सुविधाएं खाता धारकों को प्राप्त होंगी जिसमें शीघ्र व पेपर रहित खाता 4 प्रतिशत ब्याज दर मुफ्त त्रैमासिक खाता विवरण, क्यूआर कार्ड के माध्यम से आसान बैंकिंग सेवाएं और मनी ट्रांसफर के लिए एनईफटी, आरटीजीएस, ईपीएस, आईएमपीएस आदि की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त मोबाइल रिचार्ज, बिजली, पानी, बिलों इत्यादि का भुगतान, बीमा प्रीमियम भुगतान के अतिरिक्त लोन, हेल्थ, टर्म एवं अन्य बीमा, निवेश इत्यादि सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।