अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कपाहड़ा में छात्राओं की अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई जिसका शुभारंभ एसएचओ बिलासपुर महिला थाना सुनीता वर्मा ने किया। उनके साथ सब इंस्पेक्टर अमिता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। स्कूल के प्रधानाचार्य संतोष धर्माणी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
मुख्यातिथि सुनीता वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं होती हैं। उन्हें हर गतिविधि में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। अच्छे मुकाम तक पढ़ाई के अलावा अच्छा खिलाड़ी बनकर भी पहुंचा जा सकता है। बशर्ते उस क्षेत्र में लग्न से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन मे लक्ष्य जरूर निर्धारित करें ताकि उस लक्ष्य तक पहुंचा जा सके। किसी भी क्षेत्र में मेहनत के बिना कुछ नहीं मिलता। इसलिए मेहनत जरूरी है।
खेल प्रभारी जगदेव ने बताया कि छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में बरठीं खंड की 11 टीमें भाग ले रही हैं। कबड्डी का पहला मैच बडग़ांव व कपाहड़ा स्कूल के बीच खेला गया जिसमें बड़ागांव स्कूल की टीम विजेता बनी। दूसरा मैच बरठीं व घडीर के बीच खेला गया जिसमें बरठीं की टीम विजेता रही। इस मौके पर स्कूल स्टाफ के अलावा बच्चे व ग्रामीण उपस्थित रहे।
....