बरमाणा (बिलासपुर)।
नैहर-हरनोड़ा में वीरवार को कुश्ती प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें रोहतक के जयदीप ने छोटी माली पर कब्जा किया, जबकि बड़ी माली का मुकाबला बराबरी पर छूटा। एनटीपीसी कोलबांध परियोजना के महाप्रबंधक एसएम चौधरी ने प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से आपसी भाईचारा बढ़ता है और अपनी संस्कृति को संजोकर रखने का मौका मिलता है। यह क्षेत्र कुश्तियों के लिए मशहूर है। उन्होंने इस कुश्ती अखाड़े को कायम रखने के लिए क्षेत्र के युवाओं की सराहना की।
दंगल में प्रदेश के अतिरिक्त पंजाब, हरियाणा, यूपी और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से नामी पहलवानों ने जौहर दिखाए। छोटी माली की कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल विजेता रोहतक के जयदीप ने दिल्ली के भूली पहलवान को चित करके गुर्ज और 8000 रुपये बतौर ईनाम जीता। वहीं बड़ी माली का मुकाबला मोहाली के पहलवान प्रिंस और दिल्ली के मस्तू के बीच हुआ। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा लेकिन कोई भी पहलवान दूसरे को पस्त नहीं कर पाया।
इसके बाद यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। फैसला न होने पर दोनों को बराबरी पर हटाकर 30 हजार रुपये का ईनाम देकर सम्मानित किया गया। दंगल में सात विशेष कुश्तियों का आयोजन भी करवाया गया। अलग-अलग वर्ग में विजेता
पहलवान को उचित राशि ईनाम के तौर पर दी गई। इसमें एक कुश्ती 31000 रुपये और शेष छह कुश्तियां 20000 रुपये की करवाई गई। इस मौके पर कमेटी के संरक्षक सुखराम ठाकुर, सुंकाराम ठाकुर, दौलत राम ठाकुर, गरजा राम, मंच संचालक जीतराम ठाकुर, उपप्रधान संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष मान सिंह, सचिव रूप लाल, बाबू राम, प्यारे लाल, टेक चंद, रंजीत कुमार, संजय कुमार, राकेश पुरी, नंदलाल, मस्तराम, बाबू राम, बंसीराम, कश्मीर सिंह और रतन लाल आदि मौजूद रहे।