दुराचार के आरोपियों पर हो कड़ी कार्रवाई : मंच
देश और प्रदेश में बढ़ती घटनाओं पर जताया खेद
अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं (बिलासपुर)।
जागरूक ब्राह्मण मंच की जिला इकाई ने देश और प्रदेश में बढ़ रही दुराचार की घटनाओं पर खेद जताते हुए सरकार से इन अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मंच के मुख्य संरक्षक डॉ. केडी लखनपाल, संरक्षक अधिवक्ता रोशन लाल भारद्वाज, जिला प्रधान नरेश सहोड़, मुख्य सलाहकार सुखराम, उपप्रधान रामेश्वर कौशल, कोषाध्यक्ष मनोहर लाल सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि आए दिन जब भी किसी न्यूज चैनल को चलाया जाए या किसी अखबार को पढ़ा जाए तो उसमें रोजाना कहीं न कहीं बलात्कार की घटनाएं पढ़ने को मिलती हैं जो देश और समाज के लिए निंदनीय है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में घटित निर्भया कांड और प्रदेश में गुड़िया कांड से भी प्रदेश और देश की सरकार तथा कानून ने कोई भी सबक नहीं लिया। देश में लगभग 7200 नाबालिगों के साथ बलात्कार के मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें से 90 फीसदी लोग उनके रिश्तेदार या जानने वाले होते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में वर्ष भर में देश में औसतन 25 हजार बलात्कार के मामले दर्ज हो रहे हैं और यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और सरकारें मूकदर्शक बन कर तमाशा देख रही हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ कड़ा कानून बना कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस लचीले कानून और सबूतों के अभाव में आज तक अधिकांश अपराधी बचते आ रहे हैं। इस कारण घटिया सोच रखने वालों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।