बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनावी समर में उतरे सेवानिवृत्त आईएएस जीतराम कटवाल ने अपनी जीत झंडूता के लोगों को समर्पित की है। झंडूता से नवनिर्वाचित विधायक जेआर कटवाल मंगलवार को भगवान के दरबार पहुंचे। कटवाल ने मंगलवार को परिजनों व समर्थकों सहित मां नेरशा देवी और मां बडोल देवी के मंदिर में शीश नवाया।
जीतराम कटवाल ने जीत का श्रेय यहां की जनता को दिया। माथा टेकने पहुंचे भाजपा विधायक जेआर कटवाल का जगह-जगह लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। लोगों को संबोधित करते हुए कटवाल ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं व आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य किया जाएगा। क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर विधानसभा में रखा जाएगा। हर वर्ग और संपूर्ण क्षेत्र का एक समान विकास किया जाएगा। झंडूता को मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। नवनिर्वाचित विधायक जीतराम कटवाल के मीडिया प्रभारी देशराज शर्मा ने बताया कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी को अपार समर्थन दिया है। लोगों के प्यार व स्नेह के बलबूते ही यह जीत हासिल हुई है।