भारी बारिश की चेतावनी से जिला में रेड अलर्ट
उपायुक्त ने सभी विभागों को जारी किए कड़े आदेश
लोनिवि, आईपीएच और बिजली बोर्ड को दिए सतर्क रहने के आदेश
आपदा प्रबंधन किसी भी विपदा से निपटने को है तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। तीन दिन की भारी बारिश की चेतावनी के चलते बिलासपुर जिला में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। वहीं लोक निर्माण विभाग, आईपीएच, बिजली बोर्ड सहित आपदा प्रबंधन की टीम को भी सतर्क रहने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। वहीं जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिला में किसी भी आपदा से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। वहीं मौसम विभाग से आने वाली हर अपडेट पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं लोगों को भी भारी बारिश के दौरान नदी नालों के आसपास जाने की अपील की गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में तीन दिन भारी बरसात की चेतावनी जारी की है। इसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से भी सभी जिलों को सतर्क रहने के आदेश जारी हुए हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए उपायुक्त बिलासपुर ने लोक निर्माण विभाग को आदेश दिए हैं कि वह अपनी मशीनों तथा कर्मचारियों को सतर्क रखें और किसी भी प्रकार से सड़कों को बंद न होने दिया जाए।
वहीं आईपीएच विभाग को आदेश दिए गए हैं कि भारी बारिश के कारण अगर पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचता है तो ऐसे में भी लोगों को पानी मुहैया करवाने के पुख्ता प्रबंध किए जाएं ताकि लोगों को परेशानियों से दो चार न होना पड़े। इसके अलावा आपदा प्रबंधन को भी इस दौरान सतर्क रहने के आदेश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की आपदा से निपटा जा सके।
इधर, उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया ने कहा कि मौसम विभाग के अलर्ट के बाद बिलासपुर जिला में भी रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सभी विभागों को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। वहीं लोगों से भी अपील की गई है कि वह बारिश के दौरान नदी नालों के आसपास न जाएं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी आपदा से निपटने को तैयार है।
....