रामपुर/केमरी। एसपी दफ्तर में जहर खाकर जान देने की कोशिश करने वाली युवती के प्रेमी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया। पुलिस ने उसे शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
ज्ञात हो कि 11 जुलाई को केमरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती ने रामपुर में एसपी कार्यालय में जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। युवती का कहना था कि वह अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है, लेकिन प्रेमी सादी से इंकार कर रहा है। शादी के लिए प्रेमी को पुलिस ने एक बार राजी भी कर लिया था, लेकिन बाद में वह फिर मुकर गया। युवती पुलिस अधीक्षक से इस बात की गुहार लगाने गई थी कि प्रेमी से उसकी शादी करा दी जाए। एसपी से बात करने के बाद युवती ने उनके चैंबर से बाहर आकर उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई । पुलिस ने ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। बाद में एसपी के आदेश पर केमरी पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ शादी का झांसा देकर पांच साल तक रेप करने का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने युवती की तरफ से आरोपी के खिलाफ रेप आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। केमरी थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने नामजद आरोपी को रविवार की सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।