बरमाणा (बिलासपुर)।
अल्ट्राटैक कंपनी के खिलाफ मांगल में आमरण अनशन पर बैठे बेरोजगार युवाओं का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने सभी युवाओं का चेकअप भी किया। जांच में युवाओं का स्वास्थ्य दुरुस्त पाया गया। युवाओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।
चौथे दिन पंचायत समिति सदस्य दसेरन भराड़ीघाट से दीपचंद ने शिरकत करते हुए बेरोजगार युवाओं को समर्थन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं की लड़ाई जायज है। दीपचंद ने कहा कि इससे पहले जो कंपनी यहां कार्य करती थी, उन्होंने सरकार के साथ एमओयू साइन किया था जिसमें कहा गया था कि हम स्थानीय लोगों को 70 प्रतिशत रोजगार देंगे, लेकिन इसके विपरीत कंपनी ने नाममात्र के स्थानीय लोगों को भी रोजगार मुहैया करवाया है।
दीपचंद ने आरोप लगाते हुए कहा है कि कंपनी ने स्थानीय शिक्षित, बेरोजगार व विस्थापित युवाओं को दरकिनार करते हुए देश के अन्य राज्यों के युवाओं व लोगों को रोजगार दिया है। वर्तमान में सरकार और प्रशासन से आग्रह किया है कि जो 70 प्रतिशत रोजगार देने की बात एमओयू में कही गई थी उसे लागू करवाया जाए अन्यथा का आमरण अनशन जारी रहेगा।
युवाओं में कहा है कि अगर आमरण अनशन के दौरान किसी तरह की कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधक, प्रशासनिक अधिकारी और सरकार की होगी। मजदूर संघ के प्रधान सुरेश ठाकुर ने कहा कि अगर सात जनवरी तक कंपनी ने मांगों को नहीं माना तो कंपनी को जाने वाली पानी की सप्लाई को पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। अगर कंपनी ने फिर भी युवाओं की मांग नहीं मानी तो आंदोलन को ओर उग्र कर किया जाएगा।