बरठीं(बिलासपुर)। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होने के बाद अब हार जीत पर मंथन शुरू हो गया है। जिला में 75.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। जो पिछले चुनावों से दो प्रतिशत ज्यादा है। ज्यादा मतदान सतारूढ़ दल को नुकसान पहुंचाएगा या फिर भाजपा को ऐसे तमाम पहलुओं को लेकर कार्यकर्ताओं व नेताओं ने मंथन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को दिन भर इसी प्रकार के जोड़ तोड़ का सिलसिला दिनभर चलता रहा।
झंडूता सीट पर भाजपा व कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। दोनों ही पार्टियों के उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ हार-जीत को लेकर चर्चाएं की जाने लगी हैं। शरद ऋतु में भी बाजार से लेकर गांवों तक परिणाम को लेकर चरचा का बाजार गर्म हो गया है। जगह-जगह झुंड लगाकर लोग चर्चाएं कर रहे हैं। कोई कांग्रेस के रिपीट होने की बात कर रहा है तो कोई भाजपा की सरकार बना रहा है। फिलहाल चुनाव नतीजे 18 दिसंबर को आने वाले हैं। शुक्रवार को जीतराम कटवाल ने झंडूता में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वहीं हर बूथ के वोट प्रतिशत को लेकर विस्तार से चर्चा की। वहीं हर बूथ से फोन पर भी जानकारी ली।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. बीरूराम किशोर ने शाहतलाई में कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया। हर पोलिंग बूथ पर हुए मतदान का खाका तैयार किया। जहां लाभ हुआ और कहां नुकसान हुआ, इस पर कार्यकर्ताओं से राय ली। वहीं घुमारवीं से भाजपा के राजेंद्र गर्ग व कांग्रेस के राजेश धर्माणी ने भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया। पंचायत स्तर से लेकर बूथ लेवल तक चर्चा हुई। कौन व्यक्ति कहां तैनात था उससे पूरी रिपोर्ट मांगी गई। यह सिलसिला दिनभर चलता रहा।