बिलासपुर। नौणी ब्रह्मपुखर सड़क पर नवोदय स्कूल के पास कटिंग के कारण क्षेत्र के लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि उड़ रही धूल से दोचार होना पड़ रहा हैं। यहां से गुजरने वाले स्कूली बच्चे और आम लोग परेशान हैं। लोगों ने इस समस्या को लेकर शुक्रवार को एक मांगपत्र उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर को सौंपा।
लोगों नरेंद्र सिंह, भंडारी राम, राजकुमार, संजीव कुमार, चेतराम, प्रेम लाल, मदन लाल, नीरज, सतपाल, मदन , रविंद्र शर्मा, सुनील कुमार, सलीम मोहम्मद का कहना है कि यहां उड़ रही धूल के कारण साथ लगते घरों में रह रहे लोगों को परेशानियों से दोचार होना पड़ा रहा है। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों की वर्दी भी धूल के साथ खराब हो रही है। प्रदूषण के कारण बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है। धूल के कारण पशुओं का चारा भी खराब हो गया है। इसी समस्या को लेकर चंगर पलासियां के लोगों ने उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त से मांग की है कि पानी का छिड़काव करने के ठेकेदार को आदेश दिए जाएं।
उधर, उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि लोगों की समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ठेकेदार को उचित निर्देश दिए जाएंगे।