अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत गांव गरा में शुक्रवार रात के समय दो घरों में लाखों के गहनों और आभूषणों पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। अभी तीन दिन पहले भी चोर स्वारघाट क्षेत्र के एक गांव से लाखों के गहने चुरा ले गए थे। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत री के अंतर्गत आने वाले गांव गरा के इंद्रपाल पुत्र चेतराम तथा गुरदास सिंह पुत्र बिशन सिंह गांव गरा डाकखाना स्वाहण तहसील श्री नयना देवी जी जिला बिलासपुर में गत रात अज्ञात चोरों ने इन दोनों के घरों में घुस कर लाखों रुपये के गहनों को चुरा लिया है। अज्ञात चोरों ने इंद्रपाल के घर में रखे ट्रंक से 60 हजार नकद कैश व करीब 3 लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए हैं।
इसके साथ ही पड़ोसी गुरदास सिंह के घर से भी 5 हजार नकद कैश व 25 हजार के गहने चोरी कर लिए हैं। स्वारघाट क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना गया है। बताया जा रहा है कि जब चोर उक्त गांव गरा में तीसरे घर गोपाल के घर चोरी करने वाले थे तो अचानक आवाज आने से परिजन जाग गए तथा शोर मचाने पर अज्ञात चोर अंधेरे का फायदा उठाकर रफ्फू-चक्कर हो गए।
स्वारघाट थाना पुलिस के थाना प्रभारी एसएचओ राजेंद्र कुमार उक्त वारदात की सूचना
मिलने पर सुबह से ही पुलिस टीम के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं। उन्होंने वारदात के संबंध में प्रभावित दोनों परिजनों के बयान कलमबद्ध किए हैं।
उधर, डीएसपी नयनादेवी संजय शर्मा ने उपरोक्त वारदात की पुष्टि करते हुए कहा है कि गरा गांव में दो घरों से चोरी होने की घटना में स्वारघाट पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अज्ञात चोरों का सुराग लगाने के लिए विभिन्न जगह छापेमारी कर रही है।
इनसेट...
तीन दिन पहले भी चोरी हुए थे गहने
बता दें कि अभी तीन दिन पहले ही स्वारघाट के समीप के गांव कुटैहला में अज्ञात चोरों ने लाखों की गहनों व आभूषणों पर हाथ साफ किया है। अब दो दिन बाद फिर लाखों की चोरी होने के बाद अज्ञात चोरों के हौसले दिनों दिन बुलंद होते जा रहे हैं। वहीं स्वारघाट उपमंडल में दिनों-दिन बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र की जनता व महिलाओं में भय का माहौल पैदा हो गया है।