केमरी। महिला कांवड़ियों से बाइक सवार तीन शराबी युवकों ने छीटाकशी कर दी। कांवड़ियों ने दो आरोपी युवकों ने पकड़ लिया और एक मौके से भाग गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांवड़ियों ने रामपुर-केमरी रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने तत्काल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
केमरी थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम करीब छह बजे ब्रजघाट से जल लेकर कांवड़िये रामपुर रोड से केमरी की तरफ आ रहे थे। जत्थे में कुछ युवतियां भी शामिल थीं। आरोप है कि केमरी थाना क्षेत्र में ग्राम गंगापुर के पास रास्ते से गुजर रहे शराब का सेवन किए हुए बाइक सवार तीन युवकों ने युवतियों के साथ छेड़ख़ानी कर दी, जिससे कांवड़िये भड़क गए और उन्होंने दौड़ाकर रामपुर-केमरी रोड पर तराना मोड़ के पास दो आरोपी युवकों को दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान एक आरोपी युवक भागने में सफल रहा। इसके बाद कांवड़ियों ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके गिरफ्तारी की मांग को लेकर तराना मोड़ के पास जाम भी लगा दिया। जाम लगने की सूचना पर केमरी थाना प्रभारी जसपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कांवडिय़ों द्वारा दबोचे गए दोनों आरोपी युवकों को अपने कब्जे में ले लिया और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। जाम करीब आधा घंटे ही लगा। उदयपुर के प्रधान सत्यप्रकाश ने बताया कि सभी कांवडिये मंदिरों के लिए रवाना हो गए हैं और तीनों के खिलाफ केमरी थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखवा रहे हैं। जबकि, केमरी थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर आने पर वह तुरंत नामजद रिपोर्र्ट दर्ज करके कार्रवाई करेंगे तथा फरार आरोपी को भी तलाश किया जा रहा है। दबोचे गए युवकों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। खबर लिखने तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।