बिलासपुर। बिलासपुर के थानों, चौकियों व अन्य स्थानों पर लंबे समय से डटे थानों व चौकियों के प्रभारियों सहित कर्मचारियों के तबादले होने वाले हैं। एसपी कार्यालय से फील्ड में कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से उनकी पसंद को लेकर जानकारी मांगी गई है। अगर पांच दिनों के भीतर उनका जवाब नहीं आता है तो अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले एसपी कार्यालय के हिसाब से होंगे।
जिले में सात पुलिस थाने सदर, घुमारवीं, तलाई, बरमाणा, स्वारघाट, भराड़ी, कोट-कहलूर हैं। जबकि छह चौकियां है। इनमें शहरी चौकी बिलासपुर, ग्वालथाई चौकी, श्रीनयनादेवी चौकी, नम्होल, झंडूता व खारसी शामिल हैं। इनमें सैकड़ों पुलिस कर्मचारी व अधिकारी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें से कुछ ऐसे भी हैं जो लंबे समय से एक ही जगह पर डटे हुए हैं। इससे पुलिस के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। कइयों की शिकायत भी एसपी कार्यालय के पास पहुंची है। इसको देखते हुए व साढ़े तीन साल का समय पूरा करने वालों का अब तबादला होगा। एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यह भी पता चला है कि कई ऐसे भी कर्मचारी व अधिकारी हैं जो छह-छह सालों से एक ही जगह पर डटे हुए हैं।
थानों व चौकियों में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी अपने तबादलों को रुकवाने के लिए नेताओं व अन्य बड़े अधिकारियों का सहारा ले रहे हैं। एसपी कार्यालय में रोजाना फोन दनादन रहे हैं। ऐसे में साफ है कि थानों व चौकियों में तैनात कर्मचारी व अधिकारी छह-छह साल बाद भी वहां से नहीं हटना चाहते।
तीन साल का कार्यकाल पूरा करने वालों के होंगे तबादले
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि तीन साल व उससे ज्यादा समय से एक ही जगह पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले होंगे। काम को लेकर किसी तरह की कोई भी कोताही न बरती जाए इसी को लेकर तबादले किए जा रहे हैं। अधिकारियों व कर्मचारियों से उनकी पसंद की जगहों के बारे में पूछा गया है। जवाब न आने पर उनकी मर्जी के हिसाब से उन्हें फिल्ड में तैनात किया जाएगा।