बिलासपुर। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अधिकारियों के साथ की। बैठक में साफ कर दिया कि उन्हें केवल काम चाहिए। जो काम करेगा सरकार उसे सहयोग करेगी। काम न करने की सूरत में किसी से कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। यह पहली बार हुआ है कि जिला में सीएम ने सभी विभागों की आपात बैठक बुलाकर हर विभाग के कार्य की समीक्षा की। हालांकि सीएम साफ कर चुके हैं कि बदले की भावना से कोई काम नहीं होगा। लेकिन गलत सहन भी नहीं होगा।
बैठक में सीएम के सामने जब विभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट सामने रखी तो सीएम जयराम ठाकुर ने कई विभागों की कार्यप्रणाली पर हैरानी जताई। जब जिला अस्पताल के बारे में पूछा गया तो बताया गया कि अस्पताल की हालत दयनीय है। जिस पर हैरानी जताते हुए सीएम ने पूछा इलाज कैसे चल रहा है।
इसके अलावा सीएम ने पानी की आपूर्ति, सड़क सुविधाओं की जानकारी विभागों से ली। हालांकि मौके पर मौजूद विधायकों ने भी बैठक में सीएम को विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। विधायकों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में पानी, बिजली, सड़क व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया, लेकिन लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो सका। जिस पर सीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सरकार को केवल काम चाहिए और वह हर हाल में करना होगा। जो काम करेगा सरकार उसे सहयोग करेगी, लेकिन काम न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पूर्व में हुए कार्यों की समीक्षा करने की भी बात कही। वहीं उन्होंने यह भी संकेत दिए कि जो अधिकारी सही कार्य नहीं कर रहे हैं वे अपनी तैयारी रखें।
पुलिस चिट्टा कारोबारियों पर कसे शिकंजा
सीएम ने बैठक में पुलिस को भी कड़े निर्देश दिए। जिला में चिट्टा कारोबार पर पूर्ण रोक लगाएं। उन्होंने इस बारे में पुलिस को सख्ती से काम करने को कहा। सीएम ले नशे का कारोबार करने वालों पर सख्ती से पेश आने को कहा है।
सीएम को करवाया था समस्याओं से अवगत : सुभाष ठाकुर
सदर के विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि जिला की समस्याओं के बारे सीएम को अवगत करवाया था। कोलडैम पेयजल योजना, शहर में चिट्टा का कारोबार, स्वास्थ्य सेवाओं की दयनीय हालत के अलावा भाखड़ा विस्थापितों की समस्याओं के बारे में अवगत करवाया गया था। जिस पर सीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को कड़े आदेश दिए हैं। इसके अलावा उपायुक्त बिलासपुर से भाखड़ा विस्थापितों की समस्या को हल करने के लिए पूरी रिपोर्ट मांगी है।