बिलासपुर। नौणी-ब्रह्मपुखर मार्ग पर उपायुक्त ने भारी वाहनों की आवाजाही पर 31 दिसंबर तक रोक लगा रखी है। इसके बावजूद करीब सात किमी सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही बेरोकटोक जारी है। इससे सड़क को चौड़ा करने और नालियां बनाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सड़क को चौड़ा करने के कार्य को देखते उपायुक्त ने 20 से 31 दिसंबर तक बड़े वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण रोक लगाई थी। उपायुक्त ने अपने आदेश में साफ किया था कि सभी बड़े वाहन घाघस होकर आएंगे। लेकिन, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लग पाई। वहीं पुलिस ने भी न तो नौणी और न ही ब्रह्मपुखर में कोई कर्मचारी तैनात किया है। इस कारण वाहन उक्त सड़क से जा रहे हैं। इस कारण सड़क का कार्य प्रभावित हो रहा है।
सड़क चौड़ा करने का कार्य प्रभावित न हो इसके लिए उपायुक्त ने उक्त मार्ग में भारी वाहनों की एंट्री पर 31 दिसंबर तक प्रतिबंध लगाया है। इस दौरान वाहनों को ब्रह्मपुखर से वाया दयोथ-जामली संपर्क सड़क से भेजा जाएगा। जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बागा से आने वाले भारी वाहनों को वाया घाघस-बिलासपुर होते हुए स्वारघाट की तरफ भेजे जाने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी भारी वाहन उक्त मार्ग पर से ही आ रहे हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में लगे कामगारों को परेशानी पेश आ रही है। वहीं सड़क का कार्य पूरा करने में भी अधिक समय लग सकता है।
उधर, उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने साफ किया कि ट्रक व भारी वाहन वाया घाघस-बिलासपुर और ब्रह्मपुखर से वाया दयोथ-जामली सड़क का इस्तेमाल करें। सात किलोमीटर के दायरे में सड़क की मरम्मत, नालियां बनाने और सड़क को चौड़ा करने का कार्य जारी है। 31 दिसंबर तक इस मार्ग पर भारी वाहनों के चलने पर पूर्ण रोक है।
उधर, एएसपी बिलासपुर कुलदीप चंद राणा का कहना है कि उपायुक्त के कोई ऐसे आदेश उनके ध्यान में नहीं है। अगर कोई ऐसे आदेश होंगे तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।