अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
24 जुलाई से दो अगस्त तक चलने वाले श्रावण अष्टमी मेलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बनाए रखने के लिए 1 हजार से ज्यादा पुलिस कर्मी और 500 होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा क्यूआरटी सहित डीएसपी रैंक के पुलिस अधिकारी मेले में सुरक्षा को लेेकर मुस्तैद रहेंगे। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए पुलिस ने मास्टर प्लान तैयार किया है। यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस पंजाब राज्य की रोपड़ पुलिस की भी सहायता लेगी। इस बार उन श्रद्धालुओं को भी आरती के दर्शन होंगे जो समय पर मंदिर नहीं पहुंच पाएंगे और लाइनों में खड़े होंगे। इसके लिए मंदिर परिसर में एलईडी लगाई जाएगी। मेले में भीड़ और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए नौ सेक्टरों मेें सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। 40 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे श्रद्धालुओं सहित पूरे क्षेत्र की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। इसके अलावा नयनादेवी बस अड्डे से लेकर मंदिर के मुख्य गेट तक बड़ी-बड़ी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। इससे पुलिस जवानों को भीड़ पर भी नियंत्रण बनाए रखने मेें मदद मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सेक्टर एक, दो, तीन, चार में पुलिस की क्यूआरटी टीम तैनात रहेगी। क्यूआरटी की एक टीम में 28 पुलिस जवान हर समय मौजूद रहेंगे। इसके अलावा एक रिजर्व बटालियन भी तैनात की जाएगी। यातायात पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए भारी वाहनों को पुलिस टोबा में ही रोक देगी। इसके बाद श्रद्धालु आगे बसों में ही मंदिर तक जा सकेंगे।
सेक्टर सात, आठ और नौ में पार्क होंगे छोटे वाहन
छोटे वाहनों की पार्किंग के लिए पुलिस ने सेक्टर सात, आठ का चयन किया है। यहां पर वाहनों की सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे। वहीं एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी पुलिस प्रशासन के संपर्क में रहेगी। पुलिस ने भीड़ पर नियंत्रण रखने के लिए बस अड्डा से लेकर मुख्य गेट तक छह बैरियर लगाने का फैसला लिया है। 22 जुलाई को सभी पुलिस कर्मी और अधिकारी अपनी-अपनी ड्यूटी के लिए नयना देवी पहुंच जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए टोबा, घवांडल, सिंह द्वार और बस अड्डा नयना देवी में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यह केंद्र दिन-रात 24 घंटे कार्य करेंगे। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि नवरात्र मेलों को लेकर तैयारियां पूरी हो गई है। एक हजार से ज्यादा पुलिस जवान और 500 होमगार्ड जवान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इसके अलावा नयना देवी हर सेक्टर में 40 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।