बिलासपुर। लोकसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग इस बार पहले से ज्यादा सजग हो गया है। फील्ड में तैनात उड़न दस्ते व सर्विलेंस टीम के सदस्यों पर एक एप के माध्यम से नजर रख रहा है। हालांकि टीमों के वाहनों पर पहले ही जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम लगे हैं, लेकिन इस बार फील्ड स्टाफ में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी नजर रखी जा रही है। एप के जरिये हर सदस्य की स्थिति व स्थान की जांच की जा रही है। सदस्यों पर सीवीजिल एप के जरिये नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा शिकायतों का निपटारा भी इसी एप के माध्यम से किया जा रहा है। फील्ड में तैनात टीम को 90 मिनट के भीतर उन्हें समस्या का समाधान कर अधिकारियों को बताना होगा। प्रदेश भर में तैनात उड़न दस्ते व सर्विलेंस टीम के सदस्यों के मोबाइल फोन में इस एप को इंस्टाल करवाया गया है जिसमें टीम के सभी सदस्यों के मोबाइल नंबर दर्ज करवाए गए हैं। इतना ही नहीं टीम के साथ पुलिस सदस्य व पुलिस अधिकारियों के भी मोबाइल नंबर इस एप में डलवाए गए हैं।
तहसीलदार निर्वाचन वीना कुमारी का कहना है कि इस बार फील्ड में तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की हर स्थिति व स्थान की जानकारी ली जा रही है। शिमला बैठे चुनाव आयोग के अधिकारी भी हर स्टाफ की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
इनसेट...
अलग-अलग दिशा स्थिति आने पर आएगा मैसेज
इस एप के माध्यम से अधिकारियों को सही दिशा स्थिति का पता चलेगा। यह भी पता चल जाएगा कि एक टीम के सदस्य अलग-अलग तो नहीं है। अगर सदस्य अलग-अलग हैं तो मैसेज आ जाएगा व अधिकारियों से इस संबंध में पूछा भी जाएगा। इसके अलावा वाहन से टीम के सदस्य कितनी दूरी पर जा रहे हैं, इसकी जानकारी भी इस एप के माध्यम से चुनाव आयोग के पास होगी।
--------------------