अब आठ की जगह छह रुपये लगेगा बोटों में किराया
गोबिंद सागर में चलने वाली बोटों में विद्यार्थियों का नहीं लगेगा किराया
हर साल दस प्रतिशत के हिसाब से किराया और भाड़ा में की जाएगी वृद्धि
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। नाला-का-नौण पर ऋषिकेश और क्यार-खनसेर से बैहना जट्टा क्रॉसिंग घाटों के लिए बोट में आठ रुपये की जगह अब छह रुपये किराया देना होगा। प्रशासन ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अलावा रविवार और अन्य छुट्टियों को छोड़ कर किसी भी दिन बोट में विद्यार्थियों का किराया नहीं लगेगा। वहीं यह भी निर्णय लिया गया है कि हर साल अब दस प्रतिशत के हिसाब से किराये और मालभाड़े में वृद्धि की जाएगी।
गौरतलब है कि नौ नवंबर 2018 को गोबिंद सागर झील में चलने वाले बोटों के किराये में बढ़ोतरी की गई थी जिसका लोगों ने विरोध किया था। लोगों की आपत्तियों व सुझावों पर विचार करने के लिए, ग्राम पंचायत बेहना-जट्टा, डमली के प्रतिनिधि, गोबिंद सागर परिवहन समिति बिलासपुर के सदस्यों और अन्य लोगों की बैठक 7 जनवरी 2019 को बुलाई गई थी और विस्तृत चर्चा के पश्चात उपरोक्त और किराया व भाड़ा दरों में निर्धारित घाटों से आवागमन के लिए 8 रुपये से घटाकर 6 रुपये करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा यह भी निर्णय लिया है कि सार्वजनिक हित के अनुसार और महंगाई, ईंधन की कीमतों जैसे तथ्य को ध्यान में रखते हुए वर्ष-दर-वर्ष 10 प्रतिशत तक किराया व भाड़ा में वृद्धि की जाएगी। विद्यार्थियों को रविवार और अन्य अवकाश के दिन को छोड़कर आवागमन की नि:शुल्क सुविधा मिलेगी।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि नाला का नौण पर ऋषिकेश और क्यार-खनसेर से बेहना जट्टा क्रॉसिंग घाटों पर प्रस्तावित वृद्धि के बारे में आम जनता से आपत्तियां व सुझाव प्राप्त हुए थे। इसके बाद निर्णय लिया गया कि किराया आठ रुपये से घटाकर 6 रुपये किया गया है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क सुविधा मिलेगी।
इनसेट...
रोजाना सफर करते हैं हजारों लोग
इन घाटों से रोजाना हजारों लोग एक ओर से दूसरी तरफ जाते हैं। इनमें कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों सहित सरकारी कर्मचारी, जिला अस्पताल आने वाले लोग व बाजार आने वाले लोग शामिल होते हैं। ऐसे में लोगों का प्रशासन द्वारा किराया बढ़ाया जाने का खासा विरोध था। इसको लेकर प्रशासन ने किराये की दरों में कमी की है। हर आधे घंटे बाद हर एक घाट से बोट दूसरी तरफ आती जाती रहती है।
-----------------------
...खेमराज शर्मा।