अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। ऑल हिमाचल आजाद टैक्सी यूनियन के चेयरमैन राजकुमार डोगरा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हिमाचल में टैक्सियों में मीटर लगाने के हिमाचल हाई कोर्ट के आदेशों को लेकर प्रदेश सरकार कोर्ट में पुन: विचार याचिका दायर करे। प्रदेश में भौगोलिक परिस्थितियां अलग हैं तथा यहां बाकी प्रदेशों की तरह टैक्सियों में मीटर लगाना संभव नहीं है। प्रदेश सरकार से मांग की है कि नई टैक्सियों को परमिट जारी करने की प्रक्रिया को दोबारा खोला जाए तथा पुरानी टैक्सियों के परमिट की अवधि को 8 वर्षों से बढ़ाकर 25 वर्षों तक किया जाए।
ऑल हिमाचल आजाद टैक्सी यूनियन के नवनियुक्त प्रधान सतपाल भाटिया ने कहा कि प्रदेश में 10 वर्षों से टैक्सियों के किराए नहीं बढ़े हैं। हालांकि इस अवधि में पैट्रोल व डीजल के दामों में दुगनी बढ़ोतरी हो चुकी है। प्रदेश सरकार से मांग की टैक्सियों के किराए को भी रिवाइज करे। इस मौके पर ऊना टैक्सी यूनियन के प्रधान राजेंद्र कुमार, बिलासपुर टैक्सी यूनियन के प्रधान सुरेंद्र सिंह, बिलासपुर टैक्सी यूनियन के महासचिव भरत भूषण, धर्मशाला टैक्सी यूनियन से मनजीत सहित प्रदेश की अन्य टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।