कांग्रेसी एकजुट होते तो आज बीरूराम होते विधायक : वीरभद्र
पूर्व मुख्यमंत्री बोले, लोकसभा चुनावों में सहन नहीं की जाएगी गुटबाजी
झंडूता विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने संबोधित किया
अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता (बिलासपुर)। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि जब तक कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में एकजुट होकर पार्टी के हित में कार्य नहीं करेंगे तब तक हम लोग जीत हासिल नहीं कर सकते हैं। वीरभद्र ने कहा कि अगर विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर कार्य किया होता तो आज डॉ. बीरू राम किशोर यहां के विधायक होते। वीरभद्र ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में यह सब कुछ सहन नहीं किया जाएगा।
झंडूता विधानसभा क्षेत्र में अपने कार्यक्रम के दौरान पूर्व सीएम वीरभद्र ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में झंडूता में एसडीएम कार्यालय के साथ डिग्री कॉलेज, पुलिस थाना सहित स्कूल खोले हैं। बबखाल पुल का निर्माण कार्य भी कांग्रेस ने ही शुरू किया था जो शीघ्र ही बन कर तैयार हो जाएगा। मंच पर ही आपसी तालमेल न बैठाने वालों को नसीहत देते हुए कहा कि जब घर पर ही एकता नहीं बनेगी तो कांग्रेस पार्टी मजबूत नहीं बन सकती है।
इससे पूर्व विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, डॉ. बीरू राम किशोर, विवेक कुमार, अभिषेक राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओम प्रकाश चंदेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान राजेंद्र राणा, कश्मीर सिंह ठाकुर, बंबर ठाकुर, सुभाष ठाकुर, अमीचंद सोनी, रूप रानी, कला चंदेल, राम सिंह, गुरदास वंदना, सुरेश नेगी, विजय, अरुण, राकेश, संजय, सतीश, सुखराज भी शामिल थे।
---------------
....सुभाष कपिल।