जुखाला (बिलासपुर)। जिला में कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन किसी बैंक या डाकघर में खाता न खोलने के कारण रुक गई है। करीब 650 सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों ने अभी तक खाता नहीं खुलवाया है। इस कारण पिछले सात महीनों से उन्हें पेंशन नहीं मिल पाई है।
जिला में 30 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारक हैं। 80 वर्ष से ऊपर की आयु के बुजुर्ग जिन्हें सरकार मनीऑर्डर के माध्यम से पेंशन देती थी। इसके अलावा विधवा पेंशन और दिव्यांगों को दी जाने वाली पेंशन हैं। विभाग का कहना है कि सरकार के आदेशों के बाद अप्रैल 2017 से मनीऑर्डर द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन देना बंद कर दी गई है। अब पेंशन सीधी लाभार्थी के खाते में जाएगी, मनीऑर्डर द्वारा किसी को भी पेंशन नहीं जाएगी। चाहे वह 80 वर्ष से ऊपर का बुजुर्ग हो या फिर चल न सकने वाला दिव्यांग। सभी को बैंक या डाकघर में खाता खुलवाकर खाता नंबर की कॉपी व आधार कार्ड की कॉपी जिला कल्याण या तहसील कल्याण विभाग में जमा करवानी होगी। तभी पेंशन लाभार्थी के खाते में जाएगी। अप्रैल 2017 के बाद विभाग ने पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और समाचार पत्रों के माध्यम से भी लाभार्थियों से खाता नंबर की कॉपी जमा करवाने को कहा था। 650 लोगों ने अभी खाता नंबर की कॉपी जमा नहीं करवाई है इस कारण उनकी पेंशन रुकी है।
जिला कल्याण अधिकारी एजे डोगरा ने बताया कि 650 लोगों की पेंशन खाता नंबर जमा न करवाने के कारण रुकी है। खाता नंबर व आधार कार्ड की कॉपी जमा करवाने पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी कर दी जाएगी।