बिलासपुर। बदलता मौसम लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। जिले के लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। बुखार, उल्टी-दस्त और खांसी से ग्रस्त मरीजों की संख्या में लगभग 30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वायरल फीवर की चपेट में आने वालों में बच्चे और बुजुर्ग अधिक हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
प्रचंड गर्मी के बाद अब धीरे-धीरे लू चलना भी शुरू हो गई है। मौसम में हो रहा यही उतार-चढ़ाव लोगों को बीमार कर रहा है। जिला अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से वायरल फीवर से ग्रस्त मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। आमतौर पर 70 लोगों तक रहने वाली ओपीडी अब 100 को आंकड़ा पार कर रही है।
मेडिकल और शिशु विशेषज्ञ की ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो उल्टी-दस्त, बुखार और खांसी से पीड़ित मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत तक इजाफा दर्ज किया जा रहा है। हर रोज इन बीमारियों से पीड़ित मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं। अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ व एसएमओ डॉ. सतीश कहते हैं कि मौसम में हो रहे बदलाव में वायरल फीवर का प्रकोप अधिक रहता है। हालांकि, मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
इनसेट...
क्या-क्या बरतें सावधानियां
-पानी स्वच्छ रखना इस मौसम में बेहद जरूरी है। हो सकें तो पानी उबाल कर पीएं।
-पानी को अपने घरों के आसपास इकट्ठा न होने दें।
-बच्चों को मच्छर आदि से बचाएं।
-घरों के आसपास झाड़ियां न उगने दें।
-एसी लगे कमरे से तुरंत बाहर धूप में न निकलें।
-बासी भोजन का प्रयोग न करें और सफाई का विशेष ध्यान दें।