आचार संहिता लगते ही प्रशासन ने हटाए होर्डिंग
जिले में केंद्र और प्रदेश सरकार की चलने वाली योजनाएं भी हुई बंद
जिला के 37 पेट्रोल पंपों पर भी लगी प्रसार सामग्री हटाएगा विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। लोकसभा चुनावों में आचार संहिता लगते ही केंद्र व प्रदेश सरकार की चलित योजनाएं भी नतीजे आने तक बंद हो गई हैं। अब लोगों को किसी भी तरह की योजनाओं का लाभ आचार संहिता के बीच नहीं मिलेगा। इसके अलावा खाद्य आपूर्ति विभाग ने जिला में पेट्रोल पंप चलाने वाले मालिकों को भी निर्देश जारी कर वहां पर लगी केंद्र व राज्य सरकार की प्रसार सामग्री को हटाने को कहा है। 24 घंटे के भीतर उन्हें सामग्री हटानी होगी।
इसके अलावा बिलासपुर शहर में भी रविवार देर रात ही प्रशासन ने चौकों व अन्य जगहों पर लगे विभिन्न पार्टियों के होर्डिंग भी हटा दिए हैं। बिलासपुर शहर में रात को आठ बजे आचार संहिता लगने के बाद एसडीएम सदर प्रियंका वर्मा ने विभिन्न पार्टियों के लगे होर्डिंग निकलवा दिए। सुबह के समय कोई भी चुनाव संबंधित प्रचार सामग्री शहर में नहीं दिखी। इसके अलावा जिला में चलने वाले 37 पेट्रोल पंप मालिकों को भी निर्देश जारी कर दिए हैं कि वह 24 घंटे के भीतर उनके यहां पर लगे प्रदेश व राज्य सरकार के योजनाओं के प्रसार संबंधी सामग्री हटाए। वहीं आचार संहिता लग जाने से मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना व प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बांटे जाने वाले नि:शुल्क गैस कनेक्शन वितरण भी आचार संहिता तक रोक दिए गए हैं।
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि आचार संहिता लगते ही मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बांटे जाने वाले नि:शुल्क गैस कनेक्शन वितरण रोक दिया गया है। इसके अलावा जिला में चलने वाले 37 पेट्रोल पंप पर भी लगी चुनाव सामग्री को हटाने के आदेश पंप मालिकों को दे दिए गए हैं।
---------------------
....खेमराज शर्मा।