अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)। जिला स्तरीय खेलों में दमदार प्रदर्शन करने वाले पंजगाई स्कूल के सात पहलवानों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह पहलवान सुंदरनगर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। एक ही स्कूल से सात खिलाड़ियों का कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयनित होना स्कूल प्रबंधन व आसपास के लोगों के लिए खुशी बड़ी ही बात है।
जिला स्तरीय छात्र वर्ग की जिला स्तरीय खेलों का आयोजन बिलासपुर में किया गया था जिसमें जिला भर से स्कूलों ने भाग लिया था। प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार गुप्ता ने बताया कि 45 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य, 50 किलोग्राम भार वर्ग में मंजीत, 55 किलोग्राम भार वर्ग में सूरज, 60 किलोग्राम भार वर्ग में अजय, 66 किलोग्राम भार वर्ग में शिवम, 81 किलोग्राम भार वर्ग में विपिन, 90 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
डीपीई जगदीश कुमार ने बताया कि स्कूल के सात बच्चों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है जो सुंदरनगर में होगी। स्कूल पहुंचने पर इनका भव्य स्वागत किया जाएगा।