बिलासपुर/खजुरिया/भोट/केमरी। शुक्रवार को बारिश के बावजूद मुहर्रम के मौके पर नगर व क्षेत्र में ताजियों के जुलूस निकाले गए। अजादार नारा ए तकवीर, अल्लाह हो अकबर, अली का दामन नहीं छोडेंगे..., या हुसैन, या हुसैन पुकारते कर्बला पहुंचे। नगर व क्षेत्र में 181 ताजियों को कर्बला में सुपुर्द ए खाक किए गए।
नगर के मोहल्ला साहूकारा, शीरीमियां, टांडा हुरमतनगर, कस्बा राजपुर, भट्टीटोला, टांडा जदीद, खोंदलपुर, हिरनखेड़ा, गंगापुर बहांपुर, रामनगर, शिवनगर, अंबरपुर, कचनाल, नगरियां कलां, भैंसिया ज्वालापुर आदि स्थानों पर 41 ताजियों के जुलूस निकाले गए। बृहस्पतिवार की रात 12 बजे से इमामवाडों से ताजियों की गश्त हुई, जो पूरे नगर व गावों में घूमी। शुक्रवार दोपहर 12 बजे बारिश के बावजूद ताजिए फिर जुलूस के रूप में भ्रमण करने के उपरांत नगर के शाम चार बजे मुख्य चौराहे स्थित चौक पर पहुंचे। यहां ढोल व ताशों का जोरदार प्रदर्शन हुआ। वहीं उत्साही युवकों ने गतका आदि का प्रदर्शन किया। शाम को ताजियों को सुपुर्द ए खाक किया गया। एसडीएम दुर्गाशंकर व सीओ सलोनी अग्रवाल भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। नगर के मुख्य चौराहे पर लगे मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की। शाम के बाद सभी ताजिए गंतव्य को रवाना हो गए। कोतवाली प्रभारी अजय श्रोतिये भी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। खजुरिया में टेहरी ख्वाजा, अहरो, करसौला, लखीमपुर, धाबनी बुजुर्ग आदि की कर्बलाओं में ताजियों को सुपुर्द ए खाक किया गया। वहीं भोट में भोट, नवादा, नरखेड़ा, सनकरा आदि कर्बलाओं में 41 ताजियों को सुपुर्द ए खाक किया गया। केमरी में भी बिढ़ऊ, खानपुर, हींगानगला आदि गांवों के ताजिए जुलूस के रुप में केमरी के कर्बला पहुंचे, जहां सुपुर्द ए खाक किए गए। एसडीएम ने बताया कि नगर व क्षेत्र में ताजिए शांति पूर्वक ढंग से संपन्न हो गए हैं।