अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा है कि चौथे जनमंच कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार कुठेड़ा में होंगे। उपायुक्त ने जनमंच कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 2 सितंबर को कुठेड़ा में आयोजित किए जाने वाले जनमंच कार्यक्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र की 10 पंचायतें शामिल होंगी। इनमें मैहरी काथला, लद्दा, तलवाड़, कुठेड़ा, मोरसिंघी, पटेर, भलस्वा, तल्याणा, हवाण, सरयून के लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि आवेदक जनमंच से पूर्व अपने आवेदन पत्रों को सचिव के पास जमा करवाना सुनिश्चित करवाएं ताकि उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित बनाई जा सके। कहा कि वे जनमंच कार्यक्रम से पूर्व विभाग की ओर से संचालित की जा रही योजनाओं का निरीक्षण करना सुनिश्चित बनाएं तथा रिपोर्ट उपलब्ध करवाएं ताकि जनमंच कार्यक्रम में उसे शामिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि चौथे जनमंच कार्यक्रम में निर्धारित 10 पंचायतों में सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का शतप्रतिशत कार्यान्वयन करना सुनिश्चित करें। गृहिणी सुविधा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन 70 वर्ष के ऊपर की आयु के बुजुर्गों के पेंशन संबंधित मामले जनधन योजनाएं बेटी है अनमोल, डिजिटल राशन कार्ड, स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के अतिरिक्त प्री-जनमंच गतिविधियों को तीव्रता दें ताकि जनमंच कार्यक्रम से पूर्व अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि जिला बिलासपुर में 2 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा में चौथा जनमंच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शिकायत कर्ता या आवेदन कर्ता दिनांक 27 अगस्त तक अपने आवेदन पंचायत सचिव के पास जमा करवा सकते हैं। आवेदनों में सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन व स्थानांतरण, न्यायालय के अधीन विचाराधीन मामलों व उद्घाटन तथा नई योजनाओं के आरंभ करने की मांगों के आवेदन स्वीकार्य नहीं होंगे। इस अवसर पर एसपी अशोक कुमार और एसडीएम प्रियंका वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। -----------------