अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला में डेंगू ने एक बार फिर से दहशत मचा दी है। सोमवार को जहां बिलासपुर जिला में 23 नए डेंगू के मामले सामने आए, वहीं मंडी जिला से भी डेंगू के पांच मामले बिलासपुर पहुंचे। एक साथ इतने मामले सामने आने से जिला में एक बार फिर से हड़कंप मच गया है। जबकि रविवार को डेंगू से हुई व्यक्ति की मौत के बाद से जिला में लोग पहले ही सहमे हुए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इस डेंगू की रोकथाम को लेकर बड़े बड़े दावे कर रहा है लेकिन इसके बाद भी डेंगू जिला में थमता नजर नहीं आ रहा है।
नोडल अधिकारी डॉ. परविंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को डेंगू के 28 नए मामले दर्ज किए गए जिसमें से 11 मामले बिलासपुर शहर से, 11 मामले मारकंडेय से, 1 मामला झंडूता और 5 मामले मंडी से दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि डेंगू से पीड़ित 131 रोगियों का अभी उपचार चल रहा है। उनमें से डेंगू से पीड़ित 1 रोगी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि शेष रोगियों का उपचार घर में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि डेंगू की रोकथाम करने के लिए सहयोग न देने वाले वार्ड नंबर 8 से एक व्यक्ति और वार्ड नंबर 10 से 2 व्यक्तियों का चालान भी किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा वार्ड नंबर 1से लेकर 11 तक में जाकर 187 लोगों के घरों का निरीक्षण किया गया। इनमें 105 घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकलें तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें तथा घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाएं ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।