गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई नालियां और चेंबर टूटे
सिहड़ा पंचायत में सरकारी धनराशि के दुरुपयोग का लगाया आरोप
मंत्री और बीडीओ सदर को शिकायत देने के बाद भी समस्या ज्यों की त्यों
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। विकास खंड सदर के तहत आने वाली सिहड़ा पंचायत में ग्रामीण ने सरकारी धनराशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। ग्रामीण संतोष कुमार निवासी बदसौर पंचायत सिहड़ा का आरोप है कि 14 वें वित्तायोग के गंदे पानी की निकासी के लिए उनके गांव में नालियां बनाई गई और उसके घर के पास ही चेंबर बना दिया गया लेकिन यह चेंबर एक माह में ही पूरी तरह से खराब हो गया है। टूट जाने से गंदा पानी रास्ते में उनके घर के सामने बह रहा है, जिससे घर के आसपास बदबू फैल गई है जिससे ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण का कहना है कि इसकी शिकायत ग्रामीण विकास व पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर व बीडीओ सदर को करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संतोष का कहना है कि इस बाबत प्रधान को भी अवगत करवाया था लेकिन आश्वासन के अलावा और कुछ नहीं हुआ। इसकी शिकायत वह बीडीओ सदर व मंत्री को भी लिखित तौर पर भेज चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि इस कार्य को दोबारा करने के आदेश प्रधान को दिए जाएं और जो पैसों का दुरुपयोग हुआ है, उसकी वसूली की जाए।
------------------------
....खेमराज शर्मा।