बिलासपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण एवं विकास मंच की बैठक मंच के अध्यक्ष केडी लखनपाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में युवाओं में बढ़ रहे नशे की आदत को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज में तीव्र गति से फैल रहे नशे के जहर पर चिंता व्यक्त की।
केडी लखनपाल ने कहा कि पुलिस, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं व पंचायतीराज संस्थाओं के साथ-साथ अध्यापकों और अभिभावकों को मिलकर नशे को अभी से रोकने के लिए प्रयास करने चाहिए, ताकि नशे का जहर बच्चे के भविष्य का खराब न कर सके। इसके लिए हर पंचायत में कमेटियों का गठन करके बच्चों और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देनी चाहिए।
लखनपाल ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाओं से छेड़छाड़ और दुराचार के जो मामले सामने आ रहे हैं उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि महिलाएं और छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं। हर दिन कोई न कोई शर्मनाक घटना महिलाओं के साथ घटित हो रही है जोकि चिंता का विषय है। प्रदेश सरकार को एक संगठन बनाना चाहिए जो हर समय लोगों को जागरूक करे और सरकार और न्यायपालिका को मिलकर इसके लिए विशेष न्यायालय स्थापित करने चाहिए।