घुमारवीं (बिलासपुर)। निजी बस ऑपरेटर यूनियन बिलासपुर की बैठक वीरवार को घुमारवीं में हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रधान राजेश पटियाल ने की। बैठक में 10 जून को घुमारवीं में होने वाली राज्य स्तरीय बैठक को लेकर चर्चा की गई।
यूनियन के प्रधान राजेश पटियाल ने कहा कि 10 जून को घुमारवीं में बैठक में निजी बस मालिकों की समस्याओं के बारे में चर्चा की जाएगी। इसके बाद आगामी रणनीति बनाई जाएगी। डीजल के मूल्यों में बहुत वृद्धि हुई है। इससे ऑपरेटरों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। डीजल के दामों के साथ बस अड्डों की फीस, स्पेयर पार्ट्स, इंश्योरेंस, ग्रीन टैक्स की फीस भी बढ़ गई है। बसों के खर्चे तक पूरे नहीं हो पा रहे हैं। यदि सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो ऑपरेटरों को अपनी बसों को खड़ा करना पड़ सकता है। राजेश पटियाल ने कहा कि दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे डीजल के दामों से ऑपरेटरों की देनदारियां बढ़ती जा रही हैं। ऑपरेटरों सरकार से मांग की है कि बस किराये में बढ़ोतरी की जाए।