बरमाणा (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत पंजगाईं के कुनणू गांव में तेंदुए की दहशत है। तेंदुआ लोगों को कभी भी दिन व शाम के समय दिख जाता है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए। सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल वन विभाग के अधिकारियों से भी मिलेगा।
ग्रामीण आशीष गौतम, अनिल गौतम, रोहित गौतम, पुरुषोत्तम दत्त, विमला गौतम, सुनील गौतम का कहना है कि ग्रामीणों को खेतों में काम करते वक्त तेंदुआ दिख जाता है। इससे लोग डर के साये में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय खेतों या गौशाला की ओर जाते हैं, तो तेंदुए के गुर्राने की आवाज सुनाई देती हैं। कई बार तेंदुआ 200 मीटर की दूरी पर भी देखा जा चुका है। इससे बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों का अंधेरा होने के बाद बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी जिला में तेंदुए इंसानों पर हमला कर चुके हैं। वार्ड मेंबर सुनील गौतम का कहना है कि इससे पहले कि तेंदुआ गांव के किसी ग्रामीण या जानवर पर हमला करे वन विभाग को इसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाना चाहिए।