हथियारों के बल पर किसान से एक लाख रुपये की लूट
बिलासपुर (रामपुर)।
क्षेत्र में धान बेचकर अपनी ससुराल जा रहे बाइक सवार किसान को चार बदमाशों ने बुधवार की शाम तमंचे के बल पर लूट लिया। किसान से धान के एक लाख रुपये लूटने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पीड़ित किसान से पुलिस ने लूट की वारदात की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिलक कोतवाली के ग्राम जग्गनाथपुर निवासी सुरजीत सिंह ने जमीन ठेके पर ले रखी है। सुरजीत के मुताबिक, दो दिन पूर्व उसने केमरी स्थित एक राइस मिलर्स को अपना धान बेचा था। बुधवार शाम वह राइस मिल स्वामी से भुगतान के एक लाख रुपये लेकर बाइक से क्षेत्र के ग्राम मुकर्रमपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। आरोप है कि मिलक मार्ग स्थित ग्राम कोठाजागीर से निकलते ही दो बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचों के बल पर रात करीब आठ बजे उसे घेर लिया और नगदी देने की मांग की। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश उससे एक लाख रुपये लूटकर ले गए। पीड़ित ने रात में ही ससुराल पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ससुराल वालों ने रात में घर के पास से गुजर रही गश्त पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित से पूरी जानकारी लेने के बाद बदमाशों को रात में ही तलाश किया, मगर कहीं भी बदमाशों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।