इंटक संबंधित आल हिमाचल पीडब्ल्युडी-आईपीएच एंड कन्ट्रेच्युल वर्कर्स यूनियन ने निर्माण में कार्यरत कामगारों को जागरूक करने के उद्देश्य से घुमारवीं में कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें मुख्य संसदीय सचिव वन राजेश धर्माणी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय निर्माण मजदूर महासंघ के प्रोजैक्ट संयोजक जेएल श्रीवास्तवा और हिमाचल कन्ट्रैच्युल वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान सीता राम सैनी, हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष उमेश शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि कार्यशाला की अध्यक्षता जिला इंटक प्रधान रूप सिंह ठाकुर ने की।
कार्यशाला में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन रोड प्रोजेक्ट, सरकाघाट-घुमारवी रोड प्रोजेक्ट में कार्यरत कामगार, लोक निर्माण विभाग, आईपीएच विभाग में ठेकेदारों के पास कार्यरत कामगार, रिहायशी भवनों में कार्यरत कामगार और मनरेगा के अंतर्गत कार्यरत 1200 कामगारों ने भाग लिया।
कार्यशाला में मौजूद 715 कामगारों को उनके बच्चों की शिक्षा छात्रवृत्ति के 17 लाख 20 हजार रुपये के चेक, 12 कामगारों को चिकित्सा आपूर्ति बिलों के 60 हजार रुपये के चेक, 4 कामगारों के आश्रितों को कामगारों की मृत्यु की ग्रांट के 2 लाख 40 हजार के चेक, 352 कामगारों को इंडक्शन हीटर बांटे। इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार मजदूरों के कल्याण के लिए अनेकों कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि श्रम कल्याण बोर्ड में निर्माण मजदूर को पंजीकरण करने के लिए सरलीकरण करना अति आवश्यक है। इसके लिए भविष्य में प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कहा कि घुमारवीं में शीघ्र ही इंटक के लिए 5 लाख रुपये से श्रमिक भवन बनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रम अधिकारी प्यारे लाल शाहू, इंटक महासचिव जगतार सिंह बैंस, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्म सिंह सहगल, कुलदीप पटियाल, सरदार रूप सिंह, महिला इंटक अध्यक्ष पूनम शर्मा, मधू चंदेल, चंचल पटियाल, वीना शर्मा, पुष्पा कुमारी, अनीता कुमारी, रणवीर पटियाल, नगर परिषद पार्षद श्याम लाल शर्मा ,पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, श्रम कल्याण बोर्ड से सुमित शर्मा और जाग्रति शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।