अटारी के बब्बा ने जीती बम्म की बड़ी माली
घुमारवीं (बिलासपुर)। बम्म में आयोजित दंगल में बड़ी माली का खिताब अटारी के नामी पहलवान बब्बा ने बड़ी जद्दोजहद के बाद अपने नाम किया है। जबकि छोटी माली में सोनीपत के विकास विजेता रहे हैं।
छोटी माली के सेमीफाइनल में सोनीपत के विकास ने भटिंडा के भूरा व अटारी के चड़त ने पानीपत के कुलदीप को पटखनी देकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं बड़ी माली के सेमीफाइनल में अटारी के बब्बा ने लुधियाणा के रणजीत व सोनीपत के विनोद ने लुधियाणा के अमना को चित करके फाइनल में प्रवेश किया।
इसके अलावा पांच-पांच हजार की सीधी रोचक कुश्तियों में नेपाल के देवा व मंडी के टीनू का दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। देवा ने अनेक करतब दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, जबकि गुरूप्यार के चीमा ने दिल्ली के विनोद, भटिंडा के भूरा रोहतक के साहिल, सोनीपत के विनोद ने यूपी के टिंकू, लुधियाणा के रणवीर ने कुरुक्षेत्र के अमित, चीमा के भीम ने लुधियाणा के अमना, मंडी के पंकज ने तलवंडी के संदीप व अमृतसर के हैप्पी ने जम्मू के निशार को पराजित किया।
दंगल के समापन अवसर पर मुख्यातिथि पूर्व बैंक प्रबंधक निक्का राम शर्मा व कर्मचंद शर्मा ने बड़ी माली के विजेता पहलवान अटारी के बब्बा को 15 हजार व उपविजेता को 11 हजार व गुर्ज, छोटी माली के विजेता को 11 हजार व गुर्ज व उपविजेता को 7500 व गागर देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर दंगल कमेटी के प्रधान लश्करी राम शर्मा, कोषाध्यक्ष कुलदीप चंद, सचिव दौलत राम शर्मा, नत्यू राम, मदनलाल शर्मा, निक्काराम शर्मा, राजकुमार, मस्तराम, बंशीराम, बद्री प्रसाद, मनोज कुमार शर्मा व आनंत राम शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।