बजट न मिलने पर लोनिवि विभाग ने एमसीएच की रोकी फाइल
ड्राइंग पूरी होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग नहीं करवा रहा बजट जारी
दो सालों से अधर में लटका पड़ा है एमसीएच का कार्य
बजट जारी होने पर लोनिवि करेगा टेंडर
शुभम राही
बिलासपुर। बजट न मिलने पर लोनिवि विभाग ने एमसीएच (मदर चाइल्ड हेल्थ विंग) की फाइल रोक दी है। दो सालों से अधर में लटके पड़े एमसीएच की ड्राइंग विभाग ने बना दी है लेकिन स्वास्थ्य विभाग लोनिवि को कोई भी बजट जारी नहीं कर रहा है। इसके चलते लोनिवि विभाग इस कार्य को आगे बढ़ाने में मनाही कर रहा है। विभाग का कहना है कि अगर बजट जारी होगा तो इसके टेंडर भी करवाएंगे, अन्यथा कोई कार्य नहीं किया जाएगा।
लोनिवि विभाग का कहना है कि बजट न मिलने के कारण एमसीएच के कार्य लटके पड़े हैं। जबकि एमसीएच की ड्राइंग मंडी से बनकर बिलासपुर पहुंचा दी गई है। अब सवाल यह पैदा होता है कि जब स्वास्थ्य विभाग को इस कार्य के 2 करोड़ से अधिक की ग्रांट जारी हो गई है तो फिर विभाग क्यों इस कार्य के लिए पैसा जारी नहीं कर रहा है!
बता दें कि एमसीएच के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बिलासपुर अस्पताल के लिए घोषणा की थी। इसके चलते केंद्र सरकार ने इस कार्य के लिए 10 करोड़ का बजट भी जारी कर दिया था। विभाग को कुछ समय पहले ही 2 करोड़ की पहली ग्रांट जारी हो गई थी। वहीं, अधिकारी बताते हैं कि दूसरी ग्रांट भी जारी होने वाली है लेकिन विभाग के आपसी तालमेल सही न होने के चलते यह कार्य पूरा नहीं हो रहा है। इसके चलते यहां के लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है।
इनसेट..
मंडी में एमसीएच सेंटर बनकर हो गया है तैयार
बिलासपुर और मंडी अस्पताल में एमसीएच बनाने की घोषण एक साथ की गई थी। इस दौरान मंडी में एमसीएच सेंटर बनकर तैयार हो गया है। जबकि बिलासपुर का एमसीएच कार्य अभी भी कागजों में गुम है। बिलासपुर एमसीएच की फाइल कागजों में दफन होती नजर आ रही है।
इनसेट...
भवन पर होगा 8 करोड़ खर्च
लोनिवि के अधिकारी बताते हैं कि एमसीएच सेंटर का भवन खड़ा करने के लिए 8 करोड़ का अनुमान विभाग ने लगाया है। इस लागत से अस्पताल परिसर में एमसीएच का भवन खड़ा हो जाएगा। अगर जल्द बजट जारी होता है तो टेंडर करवाकर कार्य आरंभ करवा दिया जाएगा।
इनसेट...
ड्राइंग है तैयार, बजट का इंतजार
विभाग ने एमसीएच की ड्राइंग बना दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बजट नहीं मिला है। जिस कारण एमसीएच का कार्य अधर में लटका पड़ा है।
...वीएन पराशर, अधिशाषी अभियंता लोनिवि विभाग-दो बिलासपुर
------------------------------------
-------------
शुभम राही...