अमर उजाला
बिलासपुर। एक और तो सरकार ने महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन देने के लिए गृहिणी सुविधा योजना शुरू की है, वहीं दूसरी और विडंबना यह है कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के पास जनता के लिए ही समय तक नहीं है कि वह योजना के पात्र लोगों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन वितरित कर सकें। खाद्य आपूर्ति विभाग अब जनप्रतिनिधियों से कनेक्शन वितरित करने के लिए समय मांग रहा है, जबकि 31 अक्तूबर तक कनेक्शन वितरित करने का समय रखा गया है।
जिला में प्रदेश सरकार की ओर से 1969 गैस कनेक्शन वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि अभी तक 1173 कनेक्शन वितरित किए जा चुके हैं। गृहिणी सुविधा योजना के तहत पात्र लोगों को गैस कनेक्शन बांटे जाने हैं। इन कनेक्शनों को इस माह की 31 अक्तूबर तक वितरित करने का समय निर्धारित किया गया है लेकिन अभी तक विभाग पूरे कनेक्शन वितरित नहीं कर पाया है। इसका मुख्य कारण जनप्रतिनिधियों की ओर से समय का न मिल पाना है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से साफ निर्देश हैं कि बिना जनप्रतिनिधियों के पहुंचे कनेक्शन वितरित नहीं किए जाएंगे लेकिन जनप्रतिनिधि विभाग को समय नहीं दे पा रहे हैं। वहीं सरकार की ओर से यह भी आदेश दिए गए हैं कि अगर 31 अक्तूबर तक गृहिणी सुविधा योजना के कनेक्शन वितरित नहीं किए गए तो जिला खाद्य अधिकारी सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। ऐसे में अब अधिकारियों को गैस कनेक्शन वितरित करना गले की फांस बन गया है।
इस बारे में जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी प्रताप सिंह चौहान का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम को लेकर समय नहीं मिल पा रहा है, जिस वजह से वह गैस कनेक्शन नहीं बंट पा रहे हैं। जबकि सरकार के आदेश हैं कि बिना जनप्रतिनिधियों के कनेक्शन वितरित नहीं किए जाएंगे। जल्द ही वह इस बारे में उपायुक्त से बात कर आगामी योजना बनाएंगे।