अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। बिलासपुर की गोबिंदसागर झील को सुंदरता का ग्रहण लग गया है। झील के चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। लुहणू मैदान की तरफ नजर दौड़ाएं तो झील के किनारे गंदगी से भरे हुए हैं लेकिन जिला प्रशासन व यहां के राजनैतिक नेता इनकी ओर कोई ध्यान नहीं देते हैं।
यहां सदर विधायक का ड्रीम प्रोजेक्ट है कि गोबिंदसागर झील के कुछ हिस्से को कृत्रिम झील बनाना है लेकिन विधायक एक बार भी इस झील का दौरा करने से परहेज कर रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि यह झील अपनी बदकिस्मती के आंसू बहा रही है लेकिन कोई भी राजनैतिक नेता इस झील को सुंदर बनाए रखने में असमर्थ है।
सरकार चाहे जिस मर्जी की हो लेकिन हर बार यह झील अनदेखी का शिकार होती है। यहां के नेता बस अपनी राजनीति चमकाने में झील पर आए दिन घोषणाएं करते नजर आते हैं लेकिन धरातल की रिपोर्ट सिर्फ गंदगी से भरी झील है।
बता दें कि बिलासपुर में आए साल पर्यटकों की संख्या कम होती जा रही है क्योंकि यहां की झील में पसरी गंदगी से पर्यटकों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। वहीं, हैरान करने की बात तो यह सामने आती है कि पानी पूरी तरह से चढ़ गया है। लेकिन वाटर स्पोर्ट्स बिलासपुर द्वारा कोई भी ऐसी गतिविधियां यहां पर नहीं हो रही है जिससे कि पर्यटक यहां पर दौड़े नजर आएं।
इनसेट...
अखबारों में चमकने को विधायक ने सफाई अभियान किया
अखबारों में चमकने के लिए विधायक ने सफाई अभियान शुरू किया था लेकिन अभी तक भी झील सारी गंदगी से भरी हुई है। विधायक हर सभाओं में झूठी घोषणाएं कर लोगों को गुमराह कर रहे है।
....बंबर ठाकुर, पूर्व विधायक सदर कांग्रेस बिलासपुर