अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि जिला में अतिक्रमण की किसी भी संभावना को शून्य करने के लिए संबंधित अधिकारी तत्परता एवं सजगता से कार्य करना सुनिश्चित बनाएं ताकि अवैध कब्जों के कारण शहरो, सड़कों और गलियों का स्वरूप न बिगड़े। उपायुक्त प्रशासन में दक्षता लाने के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि गत माह जिला में अतिक्रमण का प्रयास कर रहे 6 लोगों के कार्य को बंद करवाया गया। जबकि एक व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने उपमंडलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को अतिक्रमण के संदर्भ में संबंधित उपमंडल की रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल परिसर की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और बच्चों में श्रमदान की भावना को जागृत कर उन्हें पूर्ण स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि जिला की 56 पंचायतों में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन के शतप्रतिशत मामलों को ऑनलाइन अपलोड कर दिया गया हैं। पहली जनवरी 2018 से 31 जुलाई 2018 तक 3723 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिनमें घुमारवीं के 1476 सदर से 1070, झंडूता से 738 तथा श्री नयना देवी जी से 439 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
इनसेट..
डेंगू की बीमारी पर पाया जा रहा काबू : उपायुक्त
जिला में डेंगू की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा के पश्चात उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है कि डेंगू जैसी बीमारी पर अब काबू पाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम के प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था को बनाने में आनाकानी कर रहे हैं ऐसे लोगों के लिए अधिनियम के अंतर्गत जुर्माने की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गत सप्ताह ऐसे 6 लोगों को इसी अधिनियम के तहत जुर्माना भी किया गया है।
इस अवसर पर एडीएम विनय कुमार, एसडीएम प्रियंका वर्मा, शशि पाल शर्मा, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, पीओ डीआरडीए संजीत सिंह, सीएमओ डॉ. वीके चौधरी, बीडीओ गौरव, उपनिदेशक सैनिक कल्याण विभाग सुशील कौंडल, उपनिदेशक कृषि डॉ. डीएस पंत मौजूद रहे।