बिलासपुर। बिलासपुर में 22 जनवरी से शुरू होने वाले व्यास उत्सव के लिए आयोजक तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन को बेहतर बनाने के लिए दिन रात मेहनत की जा रही है। उत्सव 22 जनवरी से 28 जनवरी तक मनाया जाएगा। व्यास उत्सव मेला आयोजन समिति के चेयरमैन एवं व्यास नगर समिति के महासचिव विजय राज उपाध्याय ने बताया कि व्यास उत्सव में इस बार जनता को कुछ खास देखने को मिलेगा। इसके लिए समिति दिन रात एक करने में जुटी हुई है।
इसमें विभिन्न मनोरंजक खेल, प्रदर्शनियां, संगीत प्रतियोगिताएं एवं एकल गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य, मिस्टर और मिस व्यासपुर आदि प्रतियोगिताएं मुख्य रहेंगी। इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान देने के लिए व्यासश्री, व्यास गौरव, व्यास प्रेरणा और व्यास सेवा सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। व्यास नगर समिति के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप ने जनता से आग्रह किया है कि व्यास उत्सव मेले के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लें।
उन्होंने बताया कि मेले का शुभारंभ 22 जनवरी को व्यास गुफा में पूजन के उपरांत 11 बजे दोपहर मेला ग्राउंड रोड़ा सेक्टर बास्केटबाल स्टेडियम में मेले का विधिवत उद्घाटन होगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां समिति के पदाधिकारियों अविनाश कपूर, तेजस्वी शर्मा, राजकुमार शर्मा, तरुण, लोकेश कौशल, वीरेंद्र ठाकुर, नवीन ठाकुर, विनोद कुमार, प्रवीण शर्मा, गोपाल शर्मा, अश्विनी आचार्य के समक्ष दर्ज करवा सकते हैं।