बिलासपुर। सब्जी मार्केट परिसर में सबसे ऊपर वाली मंजिल पर बनी दुकानों को दुकान मालिकों ने सबलेट कर खुद दुकानें नेशनल हाईवे पर लगा दी हैं लेकिन इसके बाद भी संबंधित विभाग और प्रशासन कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला पाया है।
वहीं हाईवे किनारे दुकानें लगा कर बैठे कारोबारी हादसों को भी न्योता दे रहे हैं। जबकि आम लोगों को भी पैदल चलने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है लेकिन इसके बाद भी नगर परिषद और जिला प्रशासन और मार्केट कमेटी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मार्केट कमेटी की दुकानें बेरोजगार लोगों को रोजगार चलाने के लिए किराये पर दी थी लेकिन उक्त लोगों ने दुकानें लेने के बाद उन्हें आगे सबलेट कर दिया। वहीं जिन लोगों को दुकानें सबलेट की गई हैं वह दुकानों को स्टोर के रूप में प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में उक्त मार्केट में जो तीन चार लोग कारोबार कर रहे हैं उनका कारोबार पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। वहीं बचे हुए कारोबारियों ने इस संबंध में उपायुक्त बिलासपुर को भी एक पत्र लिख कर कहा है कि दुकानें सब लेट करने वालों पर कार्रवाई की जाए।
इधर, इस संबंध में नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने बताया कि सड़कों पर कारोबार करने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। कहा कि हाईवे पर दुकानें सजा कर कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।