बिलासपुर। क्रिकेट प्रेमियों को अब बिलासपुर कॉलेज प्रशासन मैदान मुहैया करवाने जा रहा है। कॉलेज प्रशासन कॉलेज के मैदान को क्रिकेट मैदान बनाने की कार्ययोजना तैयार कर रहा है। प्रशासन ने इस संदर्भ में शिमला निदेशालय को प्रपोजल भेजकर बतौर एक पत्र भी जारी कर दिया है।
पत्र में प्रशासन ने मैदान में आने वाले खर्चों को लेकर पूरा ब्योरा दिया है। वहीं, प्रशासन को अब इंतजार शिमला निदेशालय से मिलने वाली हरी झंडी का है। अगर इस मैदान को क्रिकेट मैदान बनाने की अनुमति मिल जाती है तो जिलेभर के क्रिकेट प्रेमियों को इस मैदान का अधिक लाभ मिलेगा, साथ ही कॉलेज प्रशासन के लिए आय का साधन भी बनेगा।
कॉलेज प्राचार्य रामकृष्ण ने बताया कि यहां पर मैदान के बाहरी स्थान पर आधुनिक पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। जहां पर एक बतौर शेड बनाया जाएगा, जिसमें खिलाड़ी अपनी गाड़ियां लगा सकते हैं। साथ ही क्रिकेट पीच बनाने के लिए प्रशासन एचपीसीए के साथ संपर्क कर सकता है। अगर सब सही रहा तो एचपीसीए की मदद लेकर प्रशासन यहां पर क्रिकेट मैदान तैयार कर सकता है। हालांकि अभी तक यह कार्ययोजना प्रशासन ने अपने स्तर पर तैयार की है। अंतिम मोहर शिमला निदेशालय से लगाई जाएगी। अभी तक की बात की जाए तो मैदान की चार दिवारी की झाड़ियों की साफ सफाई तो शुरू हो गई है वहीं कुछ स्थान पर टूटे डंगों को भी प्रशासन दुरुस्त करवाने के लिए कार्य शुरू कर रहा है।
प्रशासन का कहना है कि जल्द ही यहां पर चारदीवारी भी बना दी जाएगी, जो पूरे मैदान को कवर करेगी। वहीं, मैदान को चारदीवारी के माध्यम से खोला भी जाएगा, जिससे मैदान अधिक बड़ा हो सकता है। ऐसे में शहर के क्रिकेट प्रेमियों में नवदीप, टेसू, नीशू, अमन, विजय, जितेंद्र, अज्जू, राहुल, ओम:, अभिषेक, भावेश, जट्ट, मन्नू, अफरोज, राजेश, स्टार्क, कपिल, शक्ति, शावक व अन्य खिलाड़ियों ने इस कार्ययोजना को शुरू करने के लिए कॉलेज प्रशासन का धन्यवाद किया है।
इनसेट...
हरी झंडी मिलते ही कार्य होगा शुरू
कॉलेज मैदान को क्रिकेट का मैदान बनाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके लिए शिमला निदेशालय को प्रपोजल पत्र भी जारी किया गया है। अगर निदेशालय से हरी झंडी मिली तो कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-रामकृष्ण, प्राचार्य, बिलासपुर कॉलेज