अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। बिटिया फाउंडेशन लोकसभा चुनावों को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान चलाएगी ताकि मतदाता चुनावों में नोटा का कम प्रयोग कर अपना वोट प्रत्याशी को डालें। जागरूकता अभियान चलाने को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्षा सीमा सांख्यान की अध्यक्षता में हुई जिसमें पंजाब राज्य के फाउंडेशन के अध्यक्ष व पूर्व उद्योग मंत्री मदनमोहन मित्तल भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
सांख्यान ने बताया कि बैठक का मुख्य मुद्दा चुनावों को लेकर कई राज्यों में चलाए जाने वाला जागरूकता अभियान था। उन्होंने कहा कि वह मतदाताओं को इस बात को लेकर जागरूक करेंगे कि वह घरों में न रहकर मतदान वाले दिन अपने मत का उपयोग करें, क्योंकि एक-एक मत इस लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। इसके अलावा लोगों को यह भी जागरूक किया जाएगा कि जब वह वोट डालें तो नोटा का प्रयोग न करें, इससे वह अपना समय तो बर्बाद करेंगे ही साथ ही अपना कीमती वोट भी व्यर्थ गवा देंगे। इससे बेहतर है कि वह अपने पसंदीदा प्रत्याशी को मत देकर उसे विजयी बनाएं। राष्ट्रीय अध्यक्षा ने बताया कि पंजाब व यूपी में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर रणधीर मैहला, सुदेश धानिया, कविता, हरीश धीमान सहित अन्य उपस्थित थे।
।