डेंगू के मरीजों की संख्या 1008 के पार पहुंची
जिले में सोमवार को डेंगू के 24 नए मामले आए सामने
मारकंडेय क्षेत्र से सर्वाधिक 14 मामले किए गए दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 1008 के पार पहुंच गई। सोमवार को जिला में डेंगू के 24 नए मामले सामने आए जिससे जिला में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग के तमाम प्रयासों के बाद भी डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालत ऐसी है कि हर रोज जिले से 20 से 30 मामले डेंगू के पहुंच रहे हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. परविंद्र शर्मा ने जिला में फैले डेंगू रोग के बारे में बताया कि सोमवार को डेंगू के 24 नए मामले दर्ज किए गए। इसमें से 5 मामले बिलासपुर शहर से, 14 मामले मारकंडेय से, 2 मामले घुमारवीं से और 3 मामले झंडूता से दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि डेंगू से पीड़ित 154 रोगियों का उपचार चल रहा है जिसमें से 18 रोगी अभी भी जिला अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि अन्य का उपचार घरों में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि डेंगू रोग की रोकथाम के लिए वार्ड नंबर 9 में 7, वार्ड नंबर 10 में 9 घरों में और वार्ड नंबर 11 में 6 घरों में कीटनाशक स्प्रे की गई। वार्ड नंबर 3 में एक व्यक्ति के घर में लारवा मिलने पर 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न वार्ड नंबर 1 से लेकर 10 तक में 223 लोगों के घरों का निरीक्षण किया गया। इनमें 198 घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकलें तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें। घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाएं ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।
-----------------
....जारी