श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में बुधवार को आषाढ़ गुप्त नवरात्र की नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर में करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना की और परिवार की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य तथा समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डालीं। पूरे दिन मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन, पेयजल, सफाई, सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की थी। पुलिस और होमगार्ड के जवान भी व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन किए और दिनभर किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। गुप्त नवरात्रि की नवमी पर दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में अपनी अटूट आस्था प्रकट की।