बिलासपुर। विधानसभा क्षेत्र नयना देवी के साथ लगते स्वारघाट में गर्मियां शुरू होते ही जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया। स्वारघाट के साथ लगते नालागढ़ क्षेत्र का ओखु जंगल और शामलात में मंगलवार को लगी आग से लाखों रुपये की वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।
ज्ञात हो कि यह जंगल रिजर्व फॉरेस्ट के अधीन हैं और हर साल यह जंगल जलकर तबाह हो जाता है। हालांकि स्थानीय लोगों की सहायता से वन विभाग के कर्मचारी इस आग को बुझाने का काम करते हैं, लेकिन ये प्रयास नाकाफी साबित होते हुए सैकड़ों बीघा जंगल जल कर राख हो जाते हैं। मंगलवार को बाद दोपहर गांव कासला से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते लगभग 100 बीघा शामलात और जंगल भूमि को अपनी चपेट मे ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए विभाग के पास न तो अग्निशमन यंत्र हैं और न ही कोई और इंतजाम मात्र पेड़ों से हरी टहनियां तोड़ कर आग को बुझाने का काम किया गया। वहीं, किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई भी मामला दर्ज कराने में विभाग नाकाम रहा है। उधर, इस संबंध में बीओ बीट गलोट नंदलाल ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर जाकर आग पर काबू पा लिया है।