अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र श्रीनयना देवी के उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत रोड़-जामण के गांव डेहणी से हुनमान मंदिर बावड़ी ब्रह्मपुखर तक करीब तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग खस्ताहाल है जिस कारण उक्त गांव रोड़-जामण के 20 परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त गांव के बाशिंदों ने फैसला किया है कि इस बार लोकसभा चुनावों का बहिष्कार किया जाएगा। किसी भी दल या नेता को समर्थन नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में आपातकाल सेवा 108 वाहन भी नहीं पहुंच पाता है। बीमारी की हालत में मरीज को पलंग पर उठाकर साथ लगते पंजाब राज्य के अस्पताल आनंदपुर व नंगल ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों रीना देवी, गुरदेई देवी, बिमला देवी, रचना देवी, तारो देवी, ज्योति देवी, किरना देवी, सुमनादेवी, गुरमीत सिंह, कमलदेव, राजकुमार, सुखदेव सिंह, रतनलाल, करनैल सिंह, संदीप कुमार, दीपक कुमार, जसविंद्र कुमार, परविंद्र कुमार, पूजा देवी, मनजीत कुमारी, सपना देवी, दर्शना देवी और मीना कुमारी का कहना है कि यह संपर्क मार्ग दशकों से कच्चा होने के कारण वाहनों के योग्य नहीं है। बारिश होने पर तो उक्त संपर्क मार्ग पैदल चलने योग्य भी नहीं रहता है क्योंकि तीन किलोमीटर सड़क जो बनाई है वह खड्ड के बीच से गुजरती है और यह सड़क आज तक भी पक्की नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनका मुख्य व्यवसाय दुग्ध उत्पादन व पशुपालन है। दुध बेचने के लिए उन्हें हर रोज साथ लगते पंजाब में जाना पड़ता है, लेकिन संपर्क मार्ग कच्चा होने की वजह से छोटे वाहन इस संपर्क मार्ग पर नहीं चल पाते हैं और उन्हें पैदल ही जाना पड़ता है।
हाल ही में मुख्यमंत्री ने इस विधानसभा क्षेत्र में एक दिवसीय दौरे के दौरान जनसभा में उक्त गांव के संपर्क मार्ग को पक्का करने की घोषणा भी की थी लेकिन इस संदर्भ में स्थानीय गांव के निवासियों ने बताया कि इस बार के लोकसभा चुनाव का पूरे गांव द्वारा बहिष्कार किया जाएगा।
-------------------------------