झंडूता (बिलासपुर)। क्षेत्र में बीते दिनों हुई भारी बारिश से विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बलघाड़ में दो परिवारों के मकानों में दरारें और एक चार कमरों का पक्का मकान जमीन धंसने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके कारण मकान में रहना सुरक्षित नहीं है। प्रशासन ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
बलघाड़ पंचायत के गांव पराहू के धर्म सिंह, दलीप सिंह के मकानों में दरारें पड़ गई हैं। गांव अमरोआ की कांता देवी का चार कमरों वाला मकान जमीन धंसने से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि प्रशासन ने प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दे दी है।
स्थानीय लोगों दया राम, प्यार सिंह, बाबू राम, सिंकदर लाल, जोगिंद्र सिंह, अनिल कुमार, कुलदीप सिंह, नंदलाल, ओंकार सिंह, मिलखी राम, जगदीश वर्मा, राकेश कुमार, ज्ञान सिंह, महेंद्र सिंह, महाजन सिंह, प्रकाश चंद, कृष्ण सिंह, नारायन दास, दिनेश कुमार सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
उधर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) झंडूता नवीन शर्मा ने बताया कि नायब तहसीलदार को मौके पर भेज दिया है। स्थिति का जायजा लेकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।
नायब तहसीलदार प्रेमलाल धीमान ने बताया कि चार कमरों का मकान पूरी तरह से असुरक्षित हो चुका है। प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये फौरी राहत दे दी गई है। हलका पटवारी को प्राथमिकता के तहत शीघ्र रिपोर्ट बनाकर कार्यालय भेजने को कहा गया है।