अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला में सरकार के सभी प्रयासों के बाद भी डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के साथ सांसद स्वास्थ्य सेवा में जुटी सभी टीमें भी बिलासपुर पहुंच चुकी हैं लेकिन इसके बाद भी जिला में डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा। जिला में शुक्रवार को डेंगू के 26 नए मामले सामने आए हैं। इनके साथ जिला में डेंगू के रोगियों की संख्या 1095 पहुंच चुकी है। ऐसे में जिला में लोग डेंगू के कारण जिला के लोग सहमें हुए हैं।
नोडल अधिकारी डॉ.परविंद्र शर्मा ने जिला में फैले डेंगू रोग के बारे में बताया कि शुक्रवार को डेंगू के 26 नए मामले दर्ज किए गए। इसमें से 6 मामले बिलासपुर शहर से, 13 मामले मार्कंडेय से, 2 मामले घुमारवीं से, 2 मामले झंडूता, 1 मामला कुल्लू और 2 मामले जिला मंडी से दर्ज किए गए।
उन्होंने बताया कि डेंगू से पीड़ित 113 रोगियों का उपचार चल रहा है। उनमें से डेंगू से पीड़ित 17 रोगियों का उपचार जिला अस्पताल में भर्ती हैं और शेष रोगियों का उपचार घरों में चला रहा है।
उन्होंने बताया कि डेंगू रोग की रोकथाम के लिए वार्ड नंबर 1 में 3, वार्ड नंबर 2 में 8 घरों में, वार्ड नंबर 3 में 5 और वार्ड नंबर 6 में 4 घरों में कीटनाशक स्प्रे किया गया।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न वार्ड नंबर 1से लेकर वार्ड 10 में जाकर 149 लोगों के घरों का निरीक्षण किया गया। 193 घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकलें तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें तथा घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाएं ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।